हरियाणा : पति की मौत के 10 मिनट बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण, अटूट प्रेम की मिसाल-एक साथ उठेगी अर्थी

अंबाला : हरियाणा के अंबाला में अटूट प्रेम की एक ऐसी दास्तां सामने आई, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। एक वृद्ध दंपती की मौत ने ‘साथ जीने-मरने’ की कसम को हकीकत में बदल दिया। पति की मृत्यु के मात्र 10 मिनट के भीतर ही पत्नी ने भी अपने पति के सीने पर सिर रखकर प्राण त्याग दिए।

शोक में डूबी पत्नी ने तोड़ा दम : मिली जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय डॉ. वीरेंद्र नाथ जैन लंबे समय से शुगर की बीमारी से जूझ रहे थे। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही 65 वर्षीय पत्नी आशा देवी बदहवास हो गईं। वे जोर-जोर से रोते हुए अपने पति के शव पर गिर पड़ी और महज 10 मिनट के भीतर ही उनकी भी धड़कनें थम गईं।

घर में अकेले रहते थे दंपती : डॉ. वीरेंद्र के दो बच्चे हैं। बेटी विवाहित है, जबकि बेटा गुरुग्राम की एक कंपनी में मैनेजर है। घर पर बुजुर्ग दंपती अकेले ही रहते थे। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच अटूट प्रेम था और अंत समय में भी वे एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ पाए। पति-पत्नी के शव रखे देख पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों के पहुंचने के बाद रविवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *