बिहार : पैनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर IT की रेड, 2 जिलों में एक साथ छापा

Income-Tax

पूर्णिया : आयकर विभाग ने बिहार में पैनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी की। ये छापेमारी पूर्णिया और सुपौल जिलों में पैनोरमा ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एकसाथ की गई। यह कार्रवाई पैनोरमा ग्रुप के CMD संजीव मिश्रा से जुड़े परिसरों पर की गई, जिससे दोनों जिलों में हड़कंप मच गया। छापेमारी की शुरुआत मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे हुई और देर रात तक चली।

जानकारी के अनुसार, पटना से आए आयकर विभाग के 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पूर्णिया जिले में पैनोरमा ई-होम्स ग्रुप से जुड़े सभी प्रमुख ठिकानों की तलाशी ली गई। इसमें जिला स्कूल रोड और बाइपास रोड स्थित संपत्तियां शामिल रहीं। इस दौरान अधिकारियों ने वित्तीय दस्तावेज, जमीन से जुड़े कागजात और अन्य अहम रिकॉर्ड की गहन जांच की।

छापेमारी के दौरान पैनोरमा ग्रुप के CMD संजीव मिश्रा और उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई। आयकर अधिकारी विभिन्न लेन-देन और निवेश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाते रहे।

आयकर विभाग की कार्रवाई सुपौल जिले तक भी फैली। यहां संजीव मिश्रा से जुड़े तीन प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की गई। इनमें छातापुर थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित पैनोरमा पब्लिक स्कूल, पैनोरमा हॉस्पिटल और करजैन स्थित बसंत राइस मिल शामिल हैं।

संजीव मिश्रा विकासशील इंसान पार्टी (VIP) से जुड़े नेता के रूप में भी जाने जाते हैं और पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के करीबी माने जाते हैं।

आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह छापेमारी टैक्स चोरी और अघोषित आय की आशंका के मद्देनजर की जा रही है। अधिकारी ने कहा, ‘वित्तीय लेन-देन, संभावित अनियमितताओं और उनसे जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। जब्त किए गए दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *