केरल : वंदे भारत ट्रेन से अस्पताल लायी गई 13 साल की बच्ची, 18 वर्षीय लड़के के हार्ट से मिली नई जिंदगी

कोच्चि : केरल में 13 वर्षीय एक लड़की का हृदय प्रत्यारोपण शनिवार को एक निजी अस्पताल में सफलतापूर्वक पूरा हो गया, वह अब स्वस्थ है। लड़की गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थी जिसके लिए उसे हार्ट ट्रांसप्लांट की आवश्यकता थी।

18 वर्षीय लड़के द्वारा दान किए गए हार्ट ने किशोरी को नई जिंदगी दी है। बच्ची को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से कोल्लम से कोच्चि लाया गया और एक निजी अस्पताल में सफल हृदय प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी हुई। यह दिल नेदुंबस्सेरी के 18 वर्षीय बिलजीत का था। बिलजीत को सड़क दुर्घटना के बाद ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था।

प्रसिद्ध कार्डियक सर्जन डॉ. जोस चाको पेरियाप्पुरम के नेतृत्व में एक टीम ने एक निजी हॉस्पिटल में यह सर्जरी की। शुक्रवार की आधी रात को अंगामली अस्पताल में बिलजीत के दिल को निकाला गया और पुलिस की मदद से 20 मिनट में दिल को लिसी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। रात 1:25 बजे सर्जरी शुरू हुई और 3:30 बजे तक दिल ने काम करना शुरू कर दिया था। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि सर्जरी सफल रही, लेकिन अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *