मुंगेर : बिहार में मुंगेर के साफिया सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने मुस्लिम युवक से शादी के मामले में सामने आकर सरेंडर किया। वह लड़के के परिवार के साथ बुर्का पहनकर साफिया सराय थाना पहुंची, जहां पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद उसे मुंगेर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
कोर्ट में युवती का पक्ष : न्यायालय में दिए बयान में युवती ने कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी। उसने बताया कि मुंगेर में कोर्ट मैरिज करने के बाद दिल्ली के तीस हजारी स्थित आर्य समाज वैदिक संस्कार ट्रस्ट में उसने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मो. नियाजुल से विवाह किया था। युवती ने कोर्ट को यह भी बताया कि वह अब अपनी मां और परिवार के साथ रहना चाहती है। इसके बाद न्यायालय ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों की प्रतिक्रिया : युवती की मां ने कहा कि उनकी बेटी मुस्लिम लड़के के साथ चली गई थी, लेकिन अब वापस लौट आई है। उन्होंने बेटी के घर आने को परिवार के लिए खुशी की बात बताया और पुलिस प्रशासन, बजरंग दल तथा विश्व हिंदू परिषद का सहयोग के लिए आभार जताया।
मीडिया से युवती की बातचीत : मीडिया से बातचीत में युवती ने दोहराया कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज तथा दिल्ली में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। उसने कहा कि माता-पिता को रोते देखकर वह लड़के के परिवार के साथ वापस लौट आई। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं हुई और वह यहां आकर खुद को अच्छा महसूस कर रही है।
विश्व हिंदू परिषद ने करवाया युवती का शुद्धिकरण : विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री प्राणनाथ भारत ने बताया कि युवती के मामले में संगठन ने परिवार से बातचीत की और प्रयासों के बाद युवती की बरामदगी हुई। उन्होंने कहा कि इसके बाद महावीर मंदिर में शुद्धिकरण, शंख जल और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ युवती को पुनः हिंदू धर्म में शामिल कराया गया।
क्या है पूरा मामला? : जानकारी के अनुसार, युवती 29 दिसंबर को गांव के ही पठान टोली निवासी मोहम्मद नियाजुल उर्फ आर्यन के साथ घर से चली गई थी। इसके बाद परिजनों ने सात लोगों के खिलाफ शादी की नीयत से अपहरण का मामला सफिया सराय थाना में दर्ज कराया था। इस दौरान युवती लगातार युवक के साथ रहने और शादी करने को लेकर वीडियो भी जारी करती रही थी।
