नेपाल : पीएम ओली के बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भी दिया इस्तीफा

नई दिल्ली : नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच पीएम केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे एक दिन पहले युवाओं के हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में करीब 20 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने दिया इस्तीफा : नेपाल में युवाओं के हिंसक आंदोलन के बाद स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रधानमंत्री केपी ओली के इस्तीफे के बाद अब नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भी इस्तीफा दे दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगाई : काठमांडू में मंगलवार को एक बार फिर विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी। कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच नेपाली प्रधानमंत्री ने आज दोपहर इस्तीफा दे दिया था। जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।

काठमांडू में एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “जनरेशन-जी के प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी है। कल नेपाल पुलिस के जवानों ने कम से कम 19 छात्रों की हत्या कर दी थी। यह विरोध सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के कारण नहीं है, बल्कि हम इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि हमें एक युवा नेता चाहिए। हम बदलाव चाहते हैं। जनरेशन-जी एक युवा नेता की माँग कर रही है।

भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी : भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत के नागरिकों को नेपाल की स्थिति स्थिर होने तक यात्रा स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।

रबि लामिछाने जेल से रिहा : राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने को मंगलवार दोपहर नक्खू जेल में प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए बाहर लाया गया है। यह भी बताया गया है कि उन्हें अन्य कैदियों की सुरक्षा के लिए रिहा किया गया है। सहकारी बचत घोटाले के आरोप में लामिछाने जेल में बंद थे। आरएसपी के केंद्रीय सदस्य क्रांतिशिखा धीतल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भीड़ को संबोधित करते दिख रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा पर भीड़ ने किया हमला, हुए जख्मी : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के घर पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व पीएम भी घायल हुए हैं। हमले में जख्मी हुए शेर बहादुर को सेना ने बचाया है।

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा : नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने इस्तीफे का पत्र राष्ट्रपति को सौंप दिया है। बता दें कि जनरेशन जेड के उग्र प्रदर्शन के बीच पीएम ओली ने इस्तीफा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *