नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री बी. संजय कुमार ने रविवार को आरोप लगाया कि एक ड्रग्स रैकेट को कथित तौर पर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम का समर्थन हासिल है, जो हैदराबाद की ओल्ड सिटी में हिंदू नाबालिग लड़कियों को निशाना बना रहा है, उन्हें अगवा कर उनका यौन उत्पीड़न कर रहा है।
संजय कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यह गिरोह जश्न का बहाना बनाकर हिंदू लड़कियों को फंसाता है, उन्हें चॉकलेट में ड्रग्स मिलाकर देता है, ताकि वे इस पर निर्भर हो जाएं और बाद में उन्हें अगवा कर उनका उत्पीड़न किया जाता है।
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह मजलिस (एआईएमआईएम) के दबाव में इस मामले की तरफ ‘अनदेखा’ कर रही है। कांग्रेस या एआईएमआईएम की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। कुमार ने आरोप लगाया, जब लड़कियों के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत की तो कोई जांच नहीं की गई। लड़की बाद में घर वापस लौटी और मामला बंद कर दिया गया।
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक सोलह साल की लड़की को रात में गिरोह ले गया था। हालांकि बाद में उसे पुलिस थाने के पास छोड़ दिया गया। वह लड़की अब नशे की आदी हो चुकी है। उसका व्यवहार अनियमित है और सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि एक स्थानीय व्यक्ति आदिल उसे फिर से ले जा रहा है।
कुमार के मुताबिक, लड़की ने कथित तौर पर कहा कि कई अन्य नाबालिग लड़कियों को भी जबरन ड्रग्स दिया गया, उन पर हमला किया गया, उनकी वीडियो बनाई गई और वीडियो व तस्वीरें ऑनलाइन अपलोड करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।
उन्होंने कहा, ओल्ड सिटी में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें वे परिवार भी शामिल हैं जो कई साल पहले पश्चिम बंगाल से आकर यहां बस गए हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि प्राथमिकियां दर्ज की जा रही हैं, उन्हें बाद में गिरफ्तार किए बिना ही बंद कर दिया जाता है। स्थानीय मजलिस नेता कथित रूप से थानों में दखल देकर संदिग्धों को ले जाते हैं और परिवारों को फटकारते हैं।
उन्होंने पूछा, ये क्या है, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, जिन्होंने राज्य को ड्रग्स मुक्त करने का वादा किया था, इसके बारे में क्या कहेंगे? जबकि प्रधानमंत्री मोदी भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं, क्या रेवंत रेड्डी तेलंगाना को नशे से भरा राज्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं?
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सरकार से पुलिस टीमें तैनात करने और ड्रग्स रैकेट के मास्टरमाइंड को सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा, वरना भाजपा खुद दखल देगी भाजपा ओल्ड सिटी में हिंदू सुरक्षा दल बनाएगी और मार्च निकालेगी। अगर जरूरी हुआ, तो मैं खुद ओल्ड सिटी में कदम रखूंगा। हम हिंदुओं और उनके बच्चों की रक्षा करेंगे। अगर कानून-व्यवस्था की समस्याएं होंगी, तो जिम्मेदार केवल मुख्यमंत्री होंगे।
