नई दिल्ली : क्या आप भी सालों से मैसेजिंग ऐप WhatsApp का वही पुराना हरा इंटरफेस देखकर बोर हो गए हैं? जवाब अगर हां है तो अब मेटा आपके चैटिंग एक्सपीरियंस को पूरी तरह बदलने जा रहा है. मेटा बहुत ही जल्द आपके स्मार्टफोन पर दिखने वाले WhatsApp का ग्रीन लुक बदलने की तैयारी में है.
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि अगर WhatsApp से हरे रंग को बदला जाएगा तो नया रंग कौन सा होगा? कंपनी एक ऐसे धमाकेदार फीचर पर काम कर रही है, जिससे आप अपनी पसंद के अनुसार ऐप का रंग-रूप और यहां तक कि इसका आइकन भी बदल सकेंगे. आइए जानते हैं इस कलरफुल बदलाव की पूरी जानकारी.
WhatsApp अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को ज्यादा बेहतर बनाने के लिए जल्द ही एक बड़ा बदलाव लाने वाला है. अब तक WhatsApp का मतलब हरा रंग माना जाता था, लेकिन अब कंपनी यूजर्स को अपनी पसंद के रंग और आइकन चुनने की आजादी देने की तैयारी में है.
WhatsApp की हर हलचल पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo के मुताबिक Android के लेटेस्ट बीटा वर्जन 2.26.6.1 में कस्टमाइजेशन के कई नए टूल्स देखे गए हैं. यानी अब आप ऐप की थीम, एक्सेंट कलर और होम स्क्रीन आइकन में भी बदलाव कर सकते हैं.
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp 14 नए तरह के ऐप आइकन पर काम कर रहा है. इसमें ब्लू, पिंक, ऑरेंज और पर्पल जैसे सिंगल कलर्स के साथ-साथ Aurora, Galaxy और Neon जैसे स्टाइलिश डिजाइन भी शामिल होंगे. इसके लिए आपको किसी थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं होगी.
WhatsApp सिर्फ आइकन ही नहीं बल्कि ऐप के अंदर के बटन और टैब का रंग भी बदलने की अनुमति दे सकता है. WhatsApp यूजर्स को बहुत ही जल्द लगभग 19 कलर ऑप्शन मिल सकते हैं, जिनमें रॉयल ब्लू, टील, कोरल और डार्क ऑलिव ग्रीन जैसे शेड्स शामिल हैं.
सबसे खास बात यह है कि जो लोग पुराने WhatsApp को मिस कर रहे हैं उनके लिए क्लासिक डिजाइन का विकल्प भी वापस आ सकता है. अभी यह फीचर टेस्टिंग मोड में है और जल्द ही इसे सभी आम यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है.
