मौसम अपडेट : आज झारखंड में तापमान 3 डिग्री तक बढ़ेगा… बिहार में गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान

Weather-Bihar-Jharkhand-20April

रांची/पटना : भारत के कई राज्यों में इस समय मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड जैसे राज्य भीषण गर्मी और उमस की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में राहत की उम्मीद जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बिहार और झारखंड के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल गर्मी से राहत के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह-सुबह तीखी धूम खिल जा रही है।

झारखंड में 20 अप्रैल को भीषण गर्मी की चेतावनी : झारखंड में 20 अप्रैल को कुछ जगहों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में लू के साथ-साथ उमस का असर ज्यादा रहने की संभावना है। राज्य में डाल्टनगंज सबसे गर्म जिला रहा, यहां रविवार को 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबकि, सबसे कम गुमला में 18.8 डिग्री तापमान रहा।

पटना में उमस और रोहतास में रिकॉर्ड तापमान : बिहार की राजधानी पटना में उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस कम होने का नाम नहीं ले रही है। बीते रविवार को रोहतास जिले का डिहरी राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया।

आगामी 4 दिनों का पूर्वानुमान और लू की चेतावनी : पटना मौसम केंद्र ने बिहार के तापमान की प्रवृत्ति को लेकर विशेष बुलेटिन जारी किया है। इसमें अगले 48 घंटे तक राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही। अगले 3-4 दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जिलों में पारा सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे लू जैसी स्थिति बनी रहेगी। उत्तर बिहार के पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और अररिया में गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकले। हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है, दक्षिण बिहार के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

पूर्वी और मध्य भारत में बारिश के आसार : 20 अप्रैल के आसपास पूर्वी और मध्य भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, झारखंड के मौसम कुछ खास बदलाव नहीं आने की उम्मीद है। इसके अलावा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *