धनबाद : मनईटांड़ में शुक्रवार को प्लॉट संख्या 96, मौजा संख्या 72 की जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला सरकारी जमीन से जुड़ा होने पर अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, मनईटांड़ में नेपाल राय द्वारा जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाई जा रही थी। इसी दौरान पास की जमीन मालिक सुरेंद्र कुमार राव ने आपत्ति जताते हुए अंचल कार्यालय में शिकायत की। उन्होंने कहा कि जिस जगह बाउंड्री बनाई जा रही है, वह सरकारी जमीन है। इसके पीछे उनका निजी प्लॉट है और बाउंड्री बनने से उनके हिस्से की जमीन तक पहुंचने का रास्ता बंद हो जाएगा।
सुरेंद्र कुमार राव ने दावा किया कि कोर्ट के जजमेंट में भी यह जमीन सरकारी घोषित हो चुकी है और पहले से दर्ज मुकदमा भी खारिज कर दिया गया है। इसी आधार पर उन्होंने बाउंड्री निर्माण का विरोध किया।
वहीं, दूसरी ओर नेपाल राय ने अपनी बात रखते हुए बताया कि यह जमीन मूल रूप से राजा द्वारा पट्टे पर दी गई थी। बाद में पारिवारिक बंटवारे में यह जमीन उनके हिस्से में आई। उन्होंने कहा कि 1996 में अदालत का फैसला उनके पक्ष में आया था और उसी के आधार पर वे जमीन पर बाउंड्री बना रहे हैं।
