KKRvsRR : कोलकाता नाइट राइडर्स ने RR को चार विकेट से हराया, रिंकू-अनुकूल की दमदार साझेदारी

KKR-vs-RR-Kolkata-IPL

कोलकाता : रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय के बीच हुई साझेदारी के दम पर केकेआर ने आईपीएल 2026 में जीत का खाता खोल लिया है। केकेआर ने ईडेन गार्डेंस में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराया।

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की। केकेआर के लिए मौजूदा सीजन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने दमदार साझेदारी कर केकेआर के लिए जीत का खाता खोला। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम ने 85 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रिंकू सिंह ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों पर 76 रनों की अविजित साझेदारी की और इस सीजन पहली जीत का स्वाद चख लिया। केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए, जबकि अनुकूल 16 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से रवींद्र जडेजा को दो विकेट मिले, जबकि जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और यश राज पूंजा को एक-एक विकेट मिले।

राजस्थान की पारी : राजस्थान रॉयल्स ने केकेआर के सामने 156 रनों का लक्ष्य रखा है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन बनाए। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की, जबकि उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। वैभव ने 28 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाए, जबकि यशस्वी 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा शिमरॉन हेत्मायर (12) और रियान पराग (12) की दहाई अंक तक पहुंच सके। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, सुनील नरेन को दो विकेट मिले।

राजस्थान ने जीता टॉस : राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने केकेआर के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। राजस्थान ने प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव किए हैं, जबकि केकेआर में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

राजस्थान रॉयल्स : वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेत्मायर, डोनोवान फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई।
इम्पैक्ट सब : संदीप शर्मा, शुभम दुबे, लहुआन ड्रि प्रिटोरियस, रवि सिंह, यश पुंजा।

केकेआर : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट सब : मनीष पांडे, फिन एलेन, अंगकृष रघुवंशी, तेजस्वी सिंह, नवदीप सैनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *